चलती बाइक में बंधे सामान में लगी आग, ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी दुर्घटना

05 फरवरी: उपमंडल अम्ब में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब एक फेरी वाले की चलती बाइक में बंधे प्लास्टिक के सामान में अचानक आग लग गई। हाईवे ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया।

जानकारी के अनुसार एक फेरी वाला बाइक पर प्लास्टिक का सामान बांधकर ऊना से अम्ब की ओर जा रहा था। नंदपुर के पास स्थानीय लोगों ने बाइक के पीछे बंधे सामान से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। इसी दौरान पक्का परोह क्षेत्र में गश्त कर रही हाईवे ट्रैफिक पुलिस की टीम की भी इस पर नजर पड़ी।

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पुलिस टीम ने तुरंत बाइक का पीछा किया और हूटर बजाकर चालक को सतर्क करने का प्रयास किया। हालांकि चालक पीछे लगी आग से अनजान था और पुलिस वाहन देखकर बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद पुलिस ने अम्ब के प्रतापनगर के पास बाइक को ओवरटेक कर सुरक्षित रूप से रुकवाया।

पुलिस कर्मियों ने तुरंत चालक को सुरक्षित स्थान पर किया और जल रहे प्लास्टिक के सामान को बाइक से अलग कर दूर फेंक दिया, जिससे आग फैलने से पहले ही बुझा दी गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बाइक के साइलेंसर का अत्यधिक गर्म होना बताया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि कई किलोमीटर तक जलता हुआ प्लास्टिक सड़क पर गिरता रहा, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। स्थानीय लोगों ने हाईवे ट्रैफिक पुलिस की सूझबूझ और तत्परता की सराहना की है। समय रहते कार्रवाई न होती तो यह घटना बड़े हादसे में बदल सकती थी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *