चम्बा में जान हथेली पर रखकर पेयजल बहाल करने वाले कर्मचारियों का विडियो वायरल, विभाग करेगा सम्मानि

Spread the love

आवाज़ ए  हिमाचल 

 विपुल महेन्द्रू, चम्बा   

09 अगस्त । लोगों की प्यास बुझाने के लिए जल शक्ति मंडल चम्बा के कर्मचारी विपरीत परिस्थितियों में भी दिन- रात मेहनत कर रहे हैं। कर्मचारियों द्वारा अपनी जान को जोखिम में डालकर लोगों की समस्याओं का निवारण सुनिश्चित किया जा रहा है। ऐसा ही एक दिल दहलाने वाला विडियो चम्बा शहर के साथ लगते साहो क्षेत्र से सामने आया है। यहां लोगों की प्यास बुझाने के लिए जल शक्ति विभाग के कर्मचारी जान हथेली पर रखकर लकड़ियों का अस्थाई पुल बनाकर नाला पार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि जल शक्ति विभाग के चम्बा मंडल के अन्तर्गत आने वाले इस क्षेत्र में बीते 5 दिनों से लोगों को पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही थी।

इसी बीच शिकायत प्राप्त होते ही कर्मचारी पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए निकल पड़े। बीच रास्ते उनका सामना एक ऐसे नाले से हुआ जिसका जल स्तर काफी बढ़ा हुआ था। नाले को पार करने के लिए उन्होंने आसपास मौजूद लकड़ियों से एक पुल बनाया। जान हथेली पर रखकर कड़ी मशक्कत से दूसरे छोर पर पहुंचे और पेयजल समस्या का निवारण सुनिश्चित किया। यह विडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। कर्मचारियों के इस जज्बे की हर कोई जमकर सराहना कर रहा है।

जल शक्ति मंडल चम्बा के अधिशाषी अभियंता अरशद रहमान ने कहा कि लोगों की समस्याओं का तत्परता से निदान किया जा रहा है। कर्मचारी रात के अंधेरे और विपरीत परिस्थितियों में भी कठिन परिश्रम करने से पीछे नहीं हटते हैं। उन्होंने कहा कि जान को हथेली पर रखकर पेयजल आपूर्ति बहाल करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *