चतुर्वार्षिक श्राद्ध पर प्रदेश के लोगों ने खूब याद किए दिलो के राजा वीरभद्र सिंह

Spread the love

आवाज ए हिमाचल

24 जून।हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे चुके वीरभद्र सिंह का चतुर्वार्षिक श्राद्ध मंगलवार को रामपुर के पदम महल परिसर में हुआ। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए हजारों लोगों ने श्रद्धांजलि देकर उन्हें याद किया। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों समेत प्रदेश के कोने-कोने से आए उनके समर्थकों ने रामपुर पहुंचकर उन्हें याद किया। सुबह से लेकर देर शाम तक उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। खराब मौसम की वजह से सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू रामपुर नहीं जा पाए। उनकी पत्नी विधायक कमलेश ठाकुर ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। चतुवार्षिक श्राद्ध को लेकर सुबह 6:00 बजे से हल्के वाहनों को बजीर बावड़ी से वाया झाकड़ी होकर भेजा गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्र से काफी संख्या में लोग आए और पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि देकर चले गए। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आईं महिलाओं ने नम आखों से वीरभद्र को श्रद्धांजलि देकर उन्हें नमन किया। पुलिस ने सुरक्षा को लेकर पुख्ता प्रबंध किए थे। राज्यपाल ने कहा कि वीरभद्र सिंह महान राजनेता, दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता और जनता के सच्चे सेवक थे। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए जो योगदान दिया, वह आज भी प्रदेशवासियों के हृदय में अमिट रूप से अंकित है। उनका जनसेवा से जुड़ा जीवन भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। वीरभद्र सिंह ने धर्मांतरण के खिलाफ कानून बनाकर हिमाचल की संस्कृति और आस्था की रक्षा के लिए जो कदम उठाया, वह उनकी देवभूमि के प्रति गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह से भी मिले।इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार, स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. कर्नल धनी राम शांडिल, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंदलाल, विधायक आरएस बाली, मोहन लाल ब्राक्टा, संजय रतन, राम कुमार चौधरी, हरीश जनारथा, आशीष बुटेल, विधायक कमलेश ठाकुर, पूर्व मंत्री कौल सिंह, पूर्व विधायक आशा कुमारी, रामलाल ठाकुर, प्रकाश चौधरी, सुरेश भारद्वाज, नीरज भारती, मंजीत डोगरा, चेतराम और निगमों व बोर्डो के अध्यक्षों ने भी भाग लिया। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप, एसपी गौरव सिंह, उपमंडल अधिकारी रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह भी इस दौरान मौजूद रहे।विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि रिज मैदान पर वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित कर दी गई है। इसका अनावरण 15 जुलाई को किया जाएगा। पहले अनावरण कार्यक्रम 23 जून को रखा गया था, लेकिन आला कमान ने इस समारोह में आने की इच्छा जताई है। इसके चलते समारोह को 15 जुलाई के लिए निर्धारित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *