1 अप्रैल: हमीरपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 12.70 ग्राम चिट्टा बरामदगी मामले में कार्रवाई करते हुए सदर थाना पुलिस ने मुख्य सप्लायर को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान 28 वर्षीय प्रशांत कुमार झा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में चंडीगढ़ के बलोंगी क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस टीम ने इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह राणा के नेतृत्व में चंडीगढ़ में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।
दरअसल, कुछ दिन पहले भोरंज क्षेत्र के दो युवकों को चिट्टा के साथ पकड़ा गया था। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपने सप्लायर का खुलासा किया, जिसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल्स और लोकेशन के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।
जांच में सामने आया है कि आरोपी कई जिलों में लोगों के संपर्क में था और बड़े स्तर पर नशा सप्लाई कर रहा था। पुलिस को उसके मोबाइल से कई अहम सुराग मिले हैं, जिनसे एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद 2 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। वहीं, पहले पकड़े गए दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।