15 मार्च: चंडीगढ़-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर सोलन के ब्रुरी के पास एक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौके पर ही जान चली गई।
जानकारी के अनुसार देर रात युवक बाइक पर सवार होकर हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान ब्रुरी के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की कतारें लग गईं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर यातायात बहाल करवाया।
एसपी सोलन साईं दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।