चंडीगढ़ में सड़क हादसा, पालमपुर के वरिष्ठ वकील की मौत; तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर

06 फरवरी: पालमपुर न्यायालय के वरिष्ठ और अनुभवी अधिवक्ता संतोष शर्मा (69) के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। बुधवार रात चंडीगढ़ के खरड़ क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में उनकी जान चली गई। वे अपनी पत्नी के मेडिकल चेकअप के लिए चंडीगढ़ आए हुए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता संतोष शर्मा अपनी बेटी के साथ खरड़ के पास किसी कार्य से पैदल जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

संतोष शर्मा पिछले करीब चार दशकों से पालमपुर बार एसोसिएशन से जुड़े हुए थे और कानून के क्षेत्र में उनकी एक अलग पहचान थी। उनके असामयिक निधन से न केवल अधिवक्ता समुदाय, बल्कि आम लोगों में भी गहरा दुख व्याप्त है।

घटना की सूचना मिलते ही पालमपुर बार एसोसिएशन के सदस्यों और पदाधिकारियों ने शोक व्यक्त किया। अधिवक्ताओं ने पंजाब प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि हादसे के लिए जिम्मेदार बाइक सवार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *