5 मार्च: चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर मंडी के पास एक टैम्पो ट्रैवलर और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना तेज था कि ट्रैवलर का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर टायरों समेत अलग हो गया। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और सभी पर्यटक सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार टैम्पो ट्रैवलर मंडी से कुल्लू की ओर जा रहा था, जिसमें कोलकाता से आए 16 पर्यटक सवार थे। इसी दौरान सामने से मनाली की ओर से आ रही दिल्ली नंबर की कार से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रैवलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके कुछ हिस्से सड़क पर बिखर गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ट्रैवलर में सवार पर्यटकों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर ट्रैफिक बहाल करवाया।
एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।