28 मार्च: शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत घेरा में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक अध्यापक सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान कर्ण बहादुर (40) पुत्र वीर बहादुर और करीना (18) पुत्री सुरेश कुमार, निवासी ग्राम पंचायत भीतलू के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग जगराते से लौट रहे थे, तभी घेरा के पास हनुमान मंदिर के नजदीक उनकी गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा देर रात करीब 12 बजे हुआ, लेकिन अंधेरा और सुनसान इलाका होने के कारण इसकी जानकारी सुबह करीब 7 बजे लगी।
सुबह घटना का पता चलते ही स्थानीय युवाओं ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से उन्हें जोनल अस्पताल धर्मशाला भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे में घायल महिलाओं में मृतका की मां और बहन शामिल हैं, जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
उधर, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई है और प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।