आवाज़ ए हिमाचल
देहरादून, 9 मार्च। एक युवक ने पहले चाकू से हाथ की नसें काटने की कोशिश की, उसके बाद सीने में खुद को गोली मार ली। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजनों ने सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के पीछे घरेलू कलह की बात सामने आ रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहनपुरा निवासी सुमित पाल (26) पुत्र मूलचंद ने करीब 3 माह पूर्व प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से वह परिवार के साथ हंसी खुशी रह रहा था, लेकिन करीब 10 दिन से वह घरेलू कलह के चलते परेशान चल रहा था। मंगलवार को सुमित के दोनों भाई काम पर गए थे जबकि मां-पिता पड़ोस में गए थे। शाम करीब 4 बजे सुमित ने पत्नी को चाय बनाने की बात कही। पत्नी चाय बनाने चली गई तो सुमति ने चाकू से हाथ की नसें काटने का प्रयास किया। इसके बाद उसने सीने पर तमंचा सटाकर खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे आननफानन में रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और परिजनों से जानकारी ली। कोवताली प्रभारी देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि परिजनों ने जानकारी दी कि वह कई दिन से किसी बात को लेकर परेशान चल रहा था।
परिजनों और पत्नी ने उससे परेशानी भी पूछी थी लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। सुमित ने 315 बोर के तमंचे से खुद को गोली मारी है। घटनास्थल के पास से ही तमंचा भी बरामद कर लिया है। साथ ही शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।