आवाज़ ए हिमाचल
नालागढ़ (सोलन)। हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ कोर्ट परिसर में नाहन से पेशी के लिए लाए गए हत्या के एक आरोपी पर दो बदमाशों ने गोलियां दाग दीं। बदमाशों ने दो फायर आरोपी पर किए और एक हवा में किया। हालांकि आरोपी को गोलियां नहीं लगीं।
पुलिस के अनुसार नालागढ़ में करीब एक साल पहले खेड़ा पेट्रोल पंप के पास गैंगवार हुआ था। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। व्यक्ति के हत्या मामले में आरोपी नाहन जेल में रखा गया था।
सोमवार को पुलिस इसे नालागढ़ कोर्ट में पेश करने के लिए लाई तो अचानक बाइक सवार दो व्यक्तियों ने उसके पीछे से दो गोलियां चलाईं, लेकिन आरोपी को नहीं लगी। इसके बाद उन्होंने एक गोली हवा में चलाई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई से बदमाश बाइक पर भागने लगे। लेकिन इस दौरान ट्रैफिक जाम होने से बाइक छोड़कर कोर्ट परिसर के पीछे जंगल में भाग गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। डीएसपी अमित यादव ने मामले की पुष्टि की है।