कोरोना संक्रमण के 24 घंटों में 3,32,730 नए मामले सामने आए

Spread the love

आवाज ए हिमाचल

23 अप्रैल। कोविड-19 महामारी अपना विकराल रूप हर रोज अधिक कुरूप बनाती जा रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, भारत में बीते 24 घंटों में संक्रमण के 3,32,730 नए मामले दर्ज किए गए और 2,263 नई मौत दर्ज की गई। इसके बाद देश में अब तक कुल संक्रमितों का आंकड़ा 1,62,63,695 हो गया और मृतकों की संख्या 1,86,920 हो गई है। संक्रमण के ये आंकड़े शुक्रवार सुबह 8 बजे दर्ज किए गए हैं।

वर्तमान में देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 24,28,616 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,36,48,159 है। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की 31,47,782 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 13,54,78,420 हो गया।  देश में 16 जनवरी से वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत हुई। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के अनुसार, भारत में कल तक कोरोना वायरस के लिए कुल 27,44,45,653 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 17,40,550 सैंपल कल टेस्ट किए गए।

लगातार दूसरे दिन 3 लाख से अधिक मामले

आज लगातार दूसरा दिन है जब देश में 3 लाख से अधिक मामले मात्र 24 घंटों के दौरान दर्ज हुए हैं। अमेरिका के बाद संक्रमण के मामले में भारत का नंबर है। अमेरिका में महामारी की शुरुआत के बाद से ही सबसे अधिक मामले सामने आए हैं और संक्रमण के कारण मौतें भी वहीं दर्ज की गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज के लिए निर्धारित बंगाल दौरे को रद कर दिया। महाराष्ट्र के पुणे में पिछले 24 घंटों में COVID-19 के 9,841 नए मामले सामने आए हैं। 115 लोगों की मृत्यु दर्ज़ की गई। 9,186 लोग डिस्चार्ज हुए। वहीं दिल्ली में पिछले 24 घंटों में COVID-19 के 26,169 नए मामले सामने आए हैं। 306 लोगों की मृत्यु हुई और 19,609 लोग डिस्चार्ज हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *