27 फरवरी: राजगढ़ उपमंडल के अंतर्गत नगर पंचायत राजगढ़ से सटे कोठिया गांव स्थित गिरेश्वर महादेव मंदिर इन दिनों भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का केंद्र बना हुआ है। यहां संत शम्भु दास महाराजा के सान्निध्य में संगीतमयी श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा का वाचन आचार्य वरुण भारद्वाज द्वारा किया जा रहा है, जिसे सुनने के लिए क्षेत्रभर से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।
कथा के दौरान प्रतिदिन मूल पाठ, पूजन, भजन-कीर्तन, प्रवचन, संध्या आरती और भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर परिसर भक्ति गीतों और शंख-घंटियों की ध्वनि से गुंजायमान है।
पंचम दिवस पर भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। जैसे ही श्रीकृष्ण जन्म का प्रसंग आया, परिसर जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने आरती उतारी और भजनों के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
व्यास पीठ से आचार्य वरुण भारद्वाज ने कहा कि मानव जीवन ईश्वर भक्ति, सत्कर्म और सेवा के लिए है। उन्होंने कहा कि कलयुग में भगवान के नाम का स्मरण ही सरल और श्रेष्ठ साधन है। श्रीकृष्ण की लीलाएं हमें धर्म, प्रेम और सद्भाव का संदेश देती हैं।
कथा का समापन 1 मार्च को पूर्णाहुति एवं हवन यज्ञ के साथ होगा। इस अवसर पर विशेष पूजन और प्रसाद वितरण भी किया जाएगा।