आवाज़ ए हिमाचल
23 फरवरी /परवाणू — कैरव गोयल की स्मृति में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 129 यूनिट रक्त एकत्र कर दिया मानवता का संदेश। लायंस क्लब परवाणू गोल्ड द्वारा चमन गोयल परिवार के सहयोग से एनएसी हॉल में आयोजित इस पुनीत शिविर में शहर के युवाओं, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए सेवा और संवेदना की मिसाल पेश की। शिविर में लायंस क्लब परवाणू गोल्ड के अध्यक्ष तरुण राजपाल सहित अनकुर खेड़ा, परवीन शर्मा, नरेश शर्मा, राहुल अत्री, संजय चौहान, सुधीश सोनी, मनीष अग्रवाल, रवि डोडा, रोहित सिंगला, अंशुल गर्ग, श्याम शुक्ला, पारस बंसल, शुभम गर्ग और सचिन गोयल समेत कई सदस्य सक्रिय रूप से मौजूद रहे। तरुण राजपाल ने कहा कि रक्तदान केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं बल्कि इंसानियत का सबसे बड़ा धर्म है और परवाणू के लोग हमेशा जरूरत के समय आगे आते हैं। समाजसेवी नरेश जोली ने गर्व जताते हुए कहा कि मात्र 45 दिनों के भीतर परवाणू जैसे छोटे शहर में यह तीसरा रक्तदान शिविर है, जो यहां के लोगों की जागरूकता और सेवा भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि “रक्तवीरों का शहर” कहलाने वाला परवाणू आज भी अपनी पहचान को मजबूत कर रहा है, क्योंकि हर शिविर में रक्तदाताओं की लंबी कतारें यह साबित करती हैं कि यहां मानवता सबसे पहले है। समाजसेवी सोहन राजपूत ने 51वीं बार रक्तदान कर युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि नियमित रक्तदान किसी अनजान परिवार की खुशियां बचा सकता है और हर स्वस्थ व्यक्ति को आगे आना चाहिए। इस दौरान पूर्व पार्षद व पूर्व उपाध्यक्ष लखविंद्र सिंह तथा पूर्व पार्षद संदीप चौहान ने भी रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई, जबकि 100 से अधिक बार रक्तदान कर चुके प्रवीण पुंज शिविर में सेवा करते नजर आए और रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते रहे। समाजसेवी कांता कपूर ने ऐसे आयोजनों को समाज में एकजुटता और सकारात्मक सोच बढ़ाने वाला कदम बताया। स्वर्गीय कैरव गोयल के पिता व स्थानीय व्यवसायी चमन गोयल ने भावुक शब्दों में सभी रक्तदाताओं, लायंस क्लब के सदस्यों और सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि बेटे की स्मृति में मिला यह अपार सहयोग उनके लिए सबसे बड़ी श्रद्धांजलि है और भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रखे जाएंगे।