केवल पठानिया की बदौलत शाहपुर को मिली बड़ी सौगात, एचपी शिवा परियोजना में शामिल होगी 15 हेक्टेयर जमीन  

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल 

बबलू सूर्यवंशी, शाहपुर। विधायक केवल सिंह पठानिया की बदौलत सोमवार का दिन शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए एक और बड़ी सौगात लेकर आया है। हिमाचल प्रदेश सरकार के बागवानी व राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने विधायक केवल सिंह पठानिया की मांग पर शाहपुर ब्लॉक की 15 हेक्टेयर जमीन को एचपी शिवा परियोजना में शामिल करने का ऐलान किया है। जगत सिंह नेगी शाहपुर के झुलाड स्थित बागवानी फॉर्म का निरीक्षण करने पहुंचे थे।
हिमाचल प्रदेश के लिए केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने 1300 करोड़ रुपये की उपोष्णकटिबंधीय बागवानी, सिंचाई और मूल्यवर्धन (एचपी शिवा) परियोजना मंजूर को मंजूरी दी थी। एशियाई विकास बैंक इस परियोजना के लिए करीब 1036 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करेगा, जबकि शेष राशि राज्य सरकार खर्च करेगी।परियोजना के तहत सात जिलों कांगड़ा, बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना, मंडी, सोलन और सिरमौर में यह परियोजना चलनी है। योजना के तहत चयनित निजी भूमि में संतरा, अमरूद, अनार, लीची, प्लम, जापानी फल, आम आदि उपोष्णकटिबंधीय फलों का उत्पादन किया जाएगा।

अहम यह है कि इसके लिए अलग अलग कलस्टर बनाए जाएंगे। पौधों के लिए पानी व फेंसिंग की व्यवस्था भी इसी योजना के तहत की जाएगी। इसके लिए पौधे भी रोपित किए जाएंगे। पूर्व में कांगड़ा जिला को तो इस योजना में शामिल किया गया था, लेकिन शाहपुर ब्लॉक इसमें शामिल नहीं था।

केवल सिंह पठानिया ने विधायक बनते ही इस मुद्दे को कई बार तथ्य सहित बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी के समक्ष रखा था। विधायक केवल सिंह पठानिया की मांग पर बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने शाहपुर ब्लॉक की 15 हेक्टेयर भूमि को शामिल कर कलस्टर बनाने का ऐलान कर दिया है। साथ ही यह भरोसा भी दिया है कि आने वाले समय में शाहपुर के और क्षेत्र को भी इसमें शामिल किया जाएगा। बागवानी मंत्री की इस सौगात से शाहपुर के बागवानों व किसानों को भारी लाभ मिलेगा।

जगत सिंह नेगी ने कहा कि निचले हिमाचल के कांगड़ा, सोलन,बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना, मंडी, सोलन और सिरमौर में यह योजना चलनी है, लेकिन पूर्व मंत्री व स्थानीय विधायक की नलायकी की वजह से इस योजना में शाहपुर शामिल नहीं हो पाया। उन्होंने कहा अब शाहपुर की 15 हेक्टेयर भूमि को इसमें शामिल किया जाएगा तथा आने वाले समय में और अधिक क्षेत्र को भी इसका लाभ मिलेगा। विधायक केवल सिंह पठानिया ने इस परियोजना में शामिल करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू व बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी का आभार जताया है।उन्होंने कहा कि इस योजना से क्षेत्र के सैकड़ों बागवान व किसानों को लाभ मिलेगा। इस परियोजना में लगभग एक करोड़ फलदार पौधे रोपित होंगे, जिससे पर्यावरण का संरक्षण होगा और जलवायु परिवर्तन के नकारात्मक प्रभावों को कम किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *