09 फरवरी: कुल्लू जिले के पिरड़ी क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां ठंड और नशे के खतरनाक मेल ने एक युवक की जान ले ली। सड़क किनारे खड़े एक ऑटो रिक्शा में रात बिताने वाले 36 वर्षीय युवक की सुबह मौत हो चुकी थी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
सुबह के समय स्थानीय लोगों ने पिरड़ी के पास खड़े एक ऑटो के भीतर एक व्यक्ति को लंबे समय तक बेसुध अवस्था में पड़ा देखा। शक होने पर लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित किया। मृतक की पहचान रामनरेश (36) निवासी गांव तलोगी, डाकघर बारी के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने रात को अधिक मात्रा में शराब या किसी अन्य नशे का सेवन किया था। नशे की हालत में वह घर नहीं पहुंच सका और ठंड से बचने के लिए ऑटो के अंदर ही सो गया। बताया जा रहा है कि इन दिनों कुल्लू में तापमान शून्य के आसपास बना हुआ है, ऐसे में अत्यधिक ठंड और शरीर में कोई गतिविधि न होने के कारण उसकी मौत हो गई।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि युवक उस ऑटो तक कैसे पहुंचा। क्या ऑटो चालक को इसकी जानकारी थी या युवक चालक की गैरमौजूदगी में अंदर सोया था। पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल ऑटो चालक से भी पूछताछ की जा रही है।