कुल्लू पुलिस ने बर्फबारी से लड़ते हुए निभाई ड्यूटी, अटल टनल के साउथ पोर्टल पर फंसे 300 पर्यटक बचाए

Spread the love

आवाज ए हिमाचल 

          4 जनवरी। तापमान माइनस डिग्री, चारों तरफ बर्फ, फिर भी अपनी जान की कोई परवाह नही। मकसद सिर्फ एक, दूसरों की जान बचाना। जी हां, ऐसा ही एक उदाहरण कुल्लू पुलिस ने पेश किया है। मामला अटल टनल रोहतांग के साउथ व नॉर्थ पोर्टल एरिया के साथ-साथ धुंधी, पलचान व सोलंगनाला का है। यहां पर सैंकड़ों सैलानी बर्फ के बीच फंसे थे और पुलिस जवान बर्फ के फाहों के बीच रात भर उनकी गाडि़यों के साथ-साथ उनको सुरक्षित निकालने में जुटे रहे। एसपी के मुताबिक शनिवार रात को पुलिस जवान अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल पर आधी रात तक बर्फ में फंसे पर्यटकों को रेस्क्यू करते रहे। पुलिस ने शनिवार को करीब 15 से 18 घंटे तक माइनस डिग्री तापमान में सेवाएं दीं और सभी पर्यटकों को सुरक्षित निकाला।

गौर हो कि शनिवार सुबह अटल टनल रोहतांग को 85 के करीब वाहनों ने पार किया था, लेकिन जब वे वापस आ रहे थे तो अचानक बर्फबारी शुरू हो गई और साउथ पोर्टल में पर्यटक वाहन फंस गए। वाहनों में करीब 300 के करीब पर्यटक थे। इस दौरान चार लोकल जिप्सी चालकों ने भी पर्यटकों को सुरक्षित निकालने में सहयोग दिया। इसके बाद पुलिस ने रात साढ़े 12 बजे तक बर्फ में फंसे पर्यटकों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान छेड़ा। इस बीच बीआरओ की टीम ने भी पुलिस का सहयोग पर्यटकों को निकालने के लिए किया।

एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि मनाली-अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल में भारी बर्फबारी होने के चलते अचानक फंसे सैकड़ों पर्यटकों को सुरक्षित निकालने के लिए पुलिस ने आधी रात तक कड़ी मशक्त की। बर्फ के बीच जहां मार्ग फिसलन भरा हो रहा था, वहीं, पुलिस ने माइनस डिग्री  तापमान में बर्फ के फाहों के बीच पर्यटकों को बचाया। इसके साथ ही जाम में फंसे पर्यटक वाहनों को भी सुरक्षित जगह तक पहुंचाया गया। जो वाहन ज्यादा बर्फ में फंसे थे और उनके भीतर बैठे पर्यटकों को मनाली तक पहुंचाने के लिए पुलिस विभाग ने वाहनों का इंतजाम किया। पर्यटक सुबह ही सुरंग पार कर चुके थे और मौसम खराब होने पर वाहन फंसे रहे। एसपी गौरव सिंह के मुताबिक वहां पर 85 वाहन फंसे थे, जिन्हें रेस्क्यू किया गया है। वहीं, 300 के करीब पर्यटकों को रेस्क्यू करने के लिए 14 जिप्सी, एक 48 सीटर बस, एक 24 सीटर पुलिस बस, एक पुलिस क्यूआरटी भी तैनात की गई थी।

  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *