3 अप्रैल: कुल्लू जिला पुलिस के पीओ सेल को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की विशेष टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी को मंडी जिले के बग्गी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी काफी समय से पुलिस से बचता फिर रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 45 वर्षीय कृष्ण चंद पुत्र बालक के रूप में हुई है, जो मंडी जिले की बल्ह तहसील के गांव व डाकघर बग्गी का निवासी है। पीओ सेल कुल्लू की टीम को आरोपी के ठिकाने की सटीक गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने योजना बनाकर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बग्गी (मंडी) के पास से उसे धर दबोचा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी कुल्लू के सदर थाना में दर्ज धारा 138 एनआई एक्ट (चैक बाऊंस) के तहत शिकायत नंबर 63/23 में वांछित था। मामला अदालत में विचाराधीन था, लेकिन आरोपी लगातार पेशियों से गैरहाजिर चल रहा था।
न्यायिक प्रक्रिया का पालन न करने पर माननीय न्यायालय आनी ने 28 नवम्बर को आरोपी को उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था। इसके बाद से कुल्लू पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
कुल्लू के पुलिस अधीक्षक ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।