कुत्ते की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, मशोबरा के पंजोग में भीषण आग से छह परिवार बेघर

6 मार्च : राजधानी शिमला के मशोबरा क्षेत्र के गांव पंजोग में शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे भीषण आग लगने से एक बड़ा रिहायशी मकान जलकर राख हो गया। इस मकान में छह से अधिक परिवार रह रहे थे। आग तेजी से फैलने के कारण पूरा मकान इसकी चपेट में आ गया, हालांकि समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार देर रात अचानक एक कुत्ता लगातार भौंकने लगा। उसकी आवाज सुनकर घर में सो रहे एक युवक की नींद खुल गई। बाहर निकलकर देखने पर उसे मकान के एक हिस्से से धुआं उठता दिखाई दिया। युवक ने तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया और सभी को घर से बाहर निकलने के लिए कहा। इसके बाद घर में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।

स्थानीय ग्रामीण पूर्ण प्रकाश शर्मा ने बताया कि जिस मकान में आग लगी, उसमें छह से अधिक परिवार रहते थे और सभी अनुसूचित जाति से संबंधित हैं। उन्होंने बताया कि इस परिवार का संबंध पूर्व बीडीसी सदस्य दीप राम से भी है।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से घर में बंधे पशुओं को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि आग से मकान के भीतर रखा सामान, कपड़े और अन्य घरेलू वस्तुएं पूरी तरह जलकर राख हो गईं।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को जल्द राहत प्रदान करने की मांग की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *