30 मार्च: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां भाबानगर क्षेत्र के डेट–सुंगरा के पास दो युवकों की खाई में गिरने से मौत हो गई। घटना के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
मृतकों की पहचान भाबानगर (निचार) निवासी अंकित और पानवी निवासी संजीव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अंकित का शव सड़क से करीब 10 मीटर नीचे खाई में मिला, जबकि संजीव का शव लगभग 120 फीट गहरी खाई से बरामद किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला गया।
फिलहाल, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। कुछ स्थानीय लोगों ने घटना को संदिग्ध बताया है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।