किन्नौर में दर्दनाक हादसा, अनियंत्रित कार से कूदे वकील की नदी में गिरने से मौत

14 मार्च: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में रिकांगपिओ-पांगी नेशनल हाईवे पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें रिकांगपिओ कोर्ट के एक युवा वकील की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान प्रदीप कुमार (पुत्र भीष्म दास) निवासी गांव पांगी के रूप में हुई है, जो पेशे से एडवोकेट थे। बताया जा रहा है कि वह अपनी कार में पांगी से रिकांगपिओ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पांगी गेट के पास अचानक उनकी कार अनियंत्रित हो गई और वाहन के अगले पहिए सड़क से बाहर लटक गए।

खतरा महसूस होने पर प्रदीप कुमार कार से बाहर कूद गए, लेकिन दुर्भाग्यवश वह नीचे बह रही नदी में गिर गए। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और शव को नदी से बाहर निकाला। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *