कामगार कल्याण बोर्ड में पंजीकरण कर योजनाओं का लाभ उठाएं श्रमिक: केवल सिंह पठानिया

शाहपुर, 4 फरवरी

शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मैटी पंचायत के वंडी चौक में हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के तत्वावधान में श्रमिक पंजीकरण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य श्रमिकों को बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक लाभार्थियों को पंजीकरण से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया मुख्य अतिथि तथा कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से 14 विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ पंजीकरण करवाकर श्रमिक उठा सकते हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष में न्यूनतम 90 दिन कार्य करने वाला प्रत्येक श्रमिक पंजीकरण के लिए पात्र है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की करुणामयी सोच के तहत श्रमिकों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए योजनाओं को लगातार सशक्त बनाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में समन्वयक नियुक्त करने का सुझाव दिया, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

उपमुख्य सचेतक ने कहा कि भविष्य में धारकंडी और चंगर क्षेत्र में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बोर्ड ने प्रभावी कार्य कर नई पहचान बनाई है।

कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर ने बताया कि प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं और जिला कांगड़ा में यह आठवां शिविर है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में अब तक लगभग 81 करोड़ रुपये की सहायता श्रमिकों को प्रदान की जा चुकी है।

उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार श्रमिकों के बच्चों की उच्च शिक्षा की संपूर्ण फीस बोर्ड द्वारा वहन की जाएगी। साथ ही हिमकेयर कार्ड और पेंशन राशि बढ़ाने की दिशा में भी लगातार कार्य किया जा रहा है।

जिला श्रम कल्याण अधिकारी लोकेश शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए जिले में संचालित योजनाओं की जानकारी साझा की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम में नटराज नाट्य दल द्वारा गीत-संगीत और लघु नाटिका के माध्यम से योजनाओं का प्रभावी प्रचार किया गया। शिविर में 51 श्रमिकों का पंजीकरण कर उन्हें कार्ड वितरित किए गए तथा प्रचार सामग्री भी दी गई।

इस अवसर पर जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अमित डोगरा, बीडीओ रैत कमलजीत, लेबर ऑफिसर अमित चौधरी, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता अमित शर्मा, इंटक जिलाध्यक्ष संजय सैनी सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *