कांग्रेस ने कहा भाजपा सरकार केंद्रीय विश्‍वविद्यालय का अस्तित्‍व क्‍यों खत्‍म करने का प्रयास कर रही है जवाब दे ?

Spread the love

आवाज़ ए हिमाचल

03 अप्रैल। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डा. राजेश शर्मा ने जयराम सरकार व प्रदेश भाजपा से केंद्रीय विवि के मुद्दे पर जवाब देने की खुली चुनौती दी है। भाजपा नेताओं से सवाल किया है कि नगर निगम चुनाव में जनता को जवाब दें कि केंद्रीय विश्वविद्यालय के नाम पर धर्मशाला की जनता को क्यों ठगा जा रहा है। डाक्टर शर्मा ने कहा केंद्रीय विश्वविद्यालय को मुद्दा बनाकर सत्ता में आई भाजपा बताए कि 3 साल से अधिक का समय प्रदेश में होने के बावजूद केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए भूमि चयन क्यों नहीं हो पाया है।

धर्मशाला में आज भी अन्य विभागों के भवनों में केंद्रीय विश्वविद्यालय क्यों चल रहा है। भाजपा जवाब दे कि उनका अपना ही संगठन एबीवीपी उनके खिलाफ क्यों आंदोलन कर रहा है। केंद्रीय विश्वविद्यालय में एक साल तक नियमित कुलपति, रजिस्ट्रार व परीक्षा नियंत्रक की नियुक्ति क्यों नहीं हो पाई है।केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद केंद्रीय विश्वविद्यालय के अस्तित्व को खत्म करने के जयराम सरकार क्यों प्रयास कर रही है। क्या यह कांगड़ा की जनता से भेदभाव नहीं है।

क्या हिमाचल प्रदेश की नई पीढ़ी को शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने से रोकने का यह षड्यंत्र नहीं है।डाक्टर शर्मा ने केंद्रीय विश्वविद्यालय के मुद्दे पर भाजपा को हर सवाल का जवाब देने के लिए कड़ी चुनौती दी है। भाजपा इन सवालों का जवाब नहीं देगी तो जनता उन्हें नगर निगम चुनाव में इन सवालों का जवाब देकर नगर निगम ही नहीं 2022 में भी सत्ता से बाहर जाने का संदेश देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *