कांग्रेस को बड़ा झटका, युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मनीष ठाकुर समर्थकों के साथ “आप” में शामिल

Spread the love

 

आवाज़ ए हिमाचल 

शिमला/सोलन, 21 मार्च। पंजाब में जीत के बाद जोश से लबरेज आम आदमी पार्टी की हिमाचल में भी बढ़ती सक्रियता के बाद कांग्रेस के लिए एक के बाद एक झटके मिल रहे हैं।  कुछ दिन पहले कांग्रेस के प्रदेश सचिव व जिला परिषद सोलन के पूर्व चेयरमैन धर्मपाल चौहान ने अपने पद से इस्तीफा देकर दिल्ली में आप का दामन थाम लिया था। अब सोमवार को कांग्रेस से इस्तीफा देने के तुरंत बाद युवा कांग्रेस  के पूर्व अध्यक्ष मनीष ठाकुर ने आम आदमी पार्टी  की सदस्यता ग्रहण कर ली है।

मनीष ठाकुर रोहड़ू से संबंध रखते हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि मनीष ठाकुर पांवटा से कांग्रेस टिकट की दावेदारी जता रहे थे। लेकिन उन्हें यह टिकट नहीं मिल रहा था। पार्टी में लंबे समय से उपेक्षा के चलते उन्होंने यह कदम उठाया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर मनीष ठाकुर ने लिखा कि पिछले 25 वर्षों के राजनीतिक और सामाजिक संघर्ष के बावजूद आज मैं कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे रहा हूं।

उन्होंने लिखा है कि जिस मकसद और सोच के साथ मैंने और मेरे हजारों साथियों ने इस संघर्ष में योगदान दिया है, उस संघर्ष को बड़े नेताओं की राजनीतिक तानाशाही और संगठन के भीतर मौजूद चाटुकारों ने खोखला करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। आज संगठन में सिर्फ और सिर्फ खास नेताओं की पसंद के लोगों की फौज रह गई है। जिसकी वजह से संगठन की यह दुर्गति हुई है। हम रास्ता बदल सकते हैं, लेकिन हमारे हौसले और संघर्ष उसी बुलंदी के साथ रहेंगे। मैं उन हजारों संघर्ष के साथियों को संघर्ष के सफर में योगदान देने के लिए दिल की गहराई से धन्यवाद करना चाहूंगा और उम्मीद करता हूं की आप सभी भी इस राजनीतिक तानाशाही और व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई में जरूर कदम से कदम मिलाकर अपना बहुमूल्य योगदान देंगे।

 मनीष ठाकुर ने दिल्ली में आप के हिमाचल प्रभारी और दिल्ली में कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन की मौजूदगी में आप की सदस्यता ग्रहण की।
इस मौके पर आयोजित संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में आप नेता सत्येंद्र जैन ने कहा कि आम आदमी पार्टी हिमाचल में होने जा रहे नगर निगम के चुनावों में भाग लेने जा रही है। इसके साथ ही आने वाले विधान सभा चुनावों में सभी 68 सीटों पर चुनाव लडेगी।

आप की इस घोषणा के बाद से हिमाचल की जनता में काफी उत्साह है। लोग दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप सुप्रीमों अरविंद केजरीवाल की नीतियों में विश्वास जता रहे हैं। इसी श्रृंखला में आज युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सक्रिय नेता मनीष ठाकुर अपने सैंकड़ों साथियों के साथ आप में शामिल हो रहे है। इस मौके पर अपने संबोधन में मनीष ठाकुर ने कहा कि वे जिस सोच को लेकर 25 साल पहले कांग्रेस में शामिल हुए थे। तब से लेकर आज तक बड़ा परिवर्तन आ गया है। इसलिए उन्होंने अपने सभी साथियों के साथ विमर्श कर आप में शामिल होने का निर्णय लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *