कांगड़ा में ATS नीति के खिलाफ उग्र प्रदर्शन: शाहपुर, चंबी व घटनालू में चक्का जाम, यात्री परेशान

6 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश में ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (ATS) नीति के विरोध में परिवहन ऑपरेटरों का गुस्सा खुलकर सामने आया है। कांगड़ा जिले के शाहपुर, चंबी और घटनालू में टैक्सी और निजी बस चालकों ने चक्का जाम कर दिया, जिससे स्थानीय परिवहन व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

शाहपुर बस स्टैंड और चंबी चौक पर सुबह से ही तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। प्रदर्शनकारी चालकों ने अपनी सेवाएं बंद रखने के साथ-साथ अन्य निजी वाहनों को भी सवारियां ले जाने से रोक दिया। कुछ स्थानों पर चालकों द्वारा निजी गाड़ियों को रोककर सवारियों को नीचे उतारने की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे यात्रियों और चालकों के बीच बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।

हड़ताल के चलते सड़कों से निजी बसें पूरी तरह गायब हैं, जिससे हजारों यात्री बीच रास्ते में फंस गए हैं। एचआरटीसी की सरकारी बसों पर भारी दबाव देखा जा रहा है। बस स्टैंडों पर यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है और बसें ओवरलोड होकर चल रही हैं। कई लोग खड़े होकर या पायदान पर लटककर सफर करने को मजबूर हैं।

सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों और कॉलेज छात्रों को हो रही है, जो समय पर अपने संस्थानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। घंटों इंतजार के बावजूद उन्हें कोई साधन नहीं मिल पा रहा है।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। शाहपुर, चंबी और घटनालू के मुख्य स्थानों पर पुलिस तैनात कर दी गई है और हालात पर नजर रखी जा रही है। पुलिस प्रदर्शनकारियों को समझाने और यातायात सुचारू बनाए रखने का प्रयास कर रही है, लेकिन हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं।

स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने इस प्रदर्शन पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि मांगों को लेकर विरोध करना अलग बात है, लेकिन आम जनता को परेशान करना उचित नहीं है। फिलहाल क्षेत्र में निजी परिवहन पूरी तरह ठप है और स्थिति सामान्य होने का इंतजार किया जा रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *