30 मार्च: कांगड़ा जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवती को उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज लाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस को दी जानकारी में मृतका की माता ने बताया कि उनकी बेटी कुछ समय से बीमार चल रही थी। गत दिवस उसने दवाई लेने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने की शिकायत की और उसे उल्टियां होने लगीं।
परिजनों को आशंका हुई कि युवती ने गलती से दवाई की जगह कोई अन्य पदार्थ सेवन कर लिया है, जिसके बाद उसे तुरंत टांडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। हालांकि उपचार के दौरान उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो पाएगी।