20 मार्च: कांगड़ा जिले के इंदौरा रेंज में वन विभाग ने अवैध खैर तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से खैर की लकड़ी बरामद की है। यह कार्रवाई मंगवाल ब्लॉक में देर रात गश्त के दौरान की गई।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात भारी बारिश के बीच वन विभाग की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान एक संदिग्ध ऑल्टो K10 कार को जांच के लिए रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से खैर की अवैध लकड़ी के 13 मोछे बरामद हुए।
वन विभाग ने मौके पर ही आरोपियों को हिरासत में लेकर डमटाल थाना में उनके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करवा दिया है। साथ ही लकड़ी और वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध कटान और तस्करी पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में इस तरह की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है और वन विभाग ने आगे भी गश्त और निगरानी बढ़ाने के संकेत दिए हैं।