16 फरवरी: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी पहल की जा रही है। नड्डी क्षेत्र की पहाड़ियों में एशिया की सबसे लंबी जिपलाइन स्थापित करने की योजना को स्वीकृति मिल गई है। यह परियोजना मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के ‘टूरिज्म कैपिटल कांगड़ा’ विजन का हिस्सा मानी जा रही है।
प्रस्तावित जिपलाइन की लंबाई लगभग 4.3 किलोमीटर होगी, जो इसे एशिया की सबसे लंबी जिपलाइन परियोजनाओं में शामिल करेगी। परियोजना के तहत चार मुख्य स्टेशन बनाए जाएंगे। इसकी शुरुआत गल्लू क्षेत्र से होगी और यह बल गांव व नड्डी होते हुए मैगी प्वाइंट खड्ड तक जाएगी।
करीब 7.41 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जाने वाली इस परियोजना को 36 माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। संबंधित विभागों द्वारा सुरक्षा मानकों और तकनीकी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि पर्यटकों को सुरक्षित और व्यवस्थित अनुभव मिल सके।
नड्डी व्यू प्वाइंट पहले से ही प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध है। जिपलाइन शुरू होने के बाद पर्यटकों को धौलाधार पर्वत श्रृंखला का हवाई दृश्य देखने का अवसर मिलेगा, जिससे क्षेत्र में साहसिक पर्यटन को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
इस परियोजना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। गाइड, ऑपरेटर और आतिथ्य क्षेत्र में नए रोजगार खुल सकते हैं। साथ ही, क्षेत्र में बुनियादी ढांचे और पर्यटक सुविधाओं के विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।