15 मार्च: कांगड़ा जिले के थुरल उपमंडल की ग्राम पंचायत डूहक के गांव डूहक कलां में एक दुखद हादसे में 25 वर्षीय युवक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अक्षय जम्वाल पुत्र गन्धर्व सिंह जम्वाल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह अक्षय घर के पास स्थित कुएं से पूजा के लिए पानी लेने गया था। इस दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में गिर गया। बताया जा रहा है कि उसे तैरना नहीं आता था, जिस कारण वह पानी में डूब गया।
जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने तलाश शुरू की। कुएं के पास उसकी चप्पलें तैरती देख ग्रामीणों को घटना का पता चला। स्थानीय युवकों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।