20 फरवरी: नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कांगड़ा और नूरपुर पुलिस ने चार आरोपियों को पीआईटी एनडीपीएस एक्ट, 1988 की धारा 3(1) के तहत तीन माह की निवारक हिरासत में लेकर जिला कारागार धर्मशाला भेज दिया है। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज रहे हैं। जमानत पर रिहा होने के बाद भी इनके दोबारा अवैध गतिविधियों में संलिप्त होने संबंधी सूचनाएं मिल रही थीं। इसके आधार पर विस्तृत डोजियर तैयार कर सरकार को भेजा गया था।
सरकार से आदेश जारी होने के बाद एक महिला आरोपी को पालमपुर क्षेत्र से तथा तीन आरोपियों को इंदौरा क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा को प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ सख्त कदम जारी रहेंगे।