कांगड़ा: देहरा-ज्वालाजी मार्ग पर पुलिस जीप पेड़ से टकराई, सभी कर्मी सुरक्षित

27 फरवरी: कांगड़ा जिले में देहरा से ज्वालाजी मुख्य मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसा होते-होते टल गया। धवाला बाजार के समीप खुंडियां थाना की पुलिस जीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। राहत की बात यह रही कि वाहन में सवार सभी पुलिस कर्मी सुरक्षित हैं और कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस टीम आधिकारिक कार्य से देहरा की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक वाहन ने कथित रूप से तेज रफ्तार में ओवरटेक करते हुए पुलिस जीप के सामने कट मार दिया। अचानक स्थिति बनने पर चालक ने टक्कर से बचने के लिए इमरजेंसी ब्रेक लगाए, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और जीप सड़क किनारे ढलान की ओर सरक गई।

जीप अंततः एक पेड़ से टकराकर रुक गई, जिससे वह गहरी खाई में गिरने से बच गई।

घटना के बाद आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे और सहायता प्रदान की। कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही देहरा पुलिस की टीम पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात बहाल किया।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण लापरवाही से की गई ओवरटेकिंग बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर ट्रैफिक नियमों के सख्ती से पालन और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *