2 फरवरी: हिमाचल प्रदेश के कसौली क्षेत्र के शनोगी गांव में एक दिल दहला देने की घटना सामने आई है, जहां शादी के महज तीन महीने बाद ही एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चतर सिंह (43) और उसकी पत्नी सुमन (38) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। गुस्से में आकर आरोपी पति ने घर में रखे एक पैने हथियार से पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में सुमन की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि दंपती का विवाह नवंबर 2025 में हुआ था और दोनों ने हाल ही में वैवाहिक जीवन की शुरुआत की थी। जिस घर में अभी खुशियों का माहौल होना चाहिए था, वहां इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही कुठाड़ पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शव पर शरीर और गर्दन पर गहरे जख्मों के निशान पाए गए हैं।
डीएसपी परवाणू अनिल शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद के चलते हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपी पति को रविवार शाम हिरासत में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेज दिया गया है।
पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग करेगी, ताकि वारदात में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्यों को बरामद किया जा सके। मामले की गहनता से जांच जारी है और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।