कन्या स्कूल नादौन ने जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में मारी बाज़ी

Spread the love

पांच में से तीन प्रतियोगिताओं में जिला भर में झटका प्रथम स्थान, छात्राओं सहित संगीत अध्यापक का भव्य स्वागत

आवाज ए हिमाचल

नादौन। रावमापा कन्या नादौन की अंडर 14 छात्राओं ने एक बार फिर जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। जानकारी देते हुए संस्कृत अध्यापक नरेश मलोटिया ने बताया कि इस वर्ष छात्राओं ने पाँच में से तीन प्रमुख सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं – लोकनृत्य, समूह-गान, और एकल-गान में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय के लिए गौरव का क्षण निर्मित किया। यह सफलता संगीत अध्यापक नरेंद्र सिंह ठाकुर के नेतृत्व और समर्पण का परिणाम है, जो पिछले 22 वर्षों से विद्यालय की छात्राओं को लगातार नई ऊँचाइयों तक पहुंचा रहे हैं।

 

लोकनृत्य प्रतियोगिता में विशेष उपलब्धि

लोकनृत्य प्रतियोगिता में विशेष उपलब्धि यह रही कि आठवीं कक्षा की छात्राओं ने बिना किसी अध्यापिका व बाहरी सहायता के अपनी पूरी तैयारी की। इसके बावजूद भी उन्होंने जिला भर में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस दौरान उन्हें संगीत अध्यापक की मदद प्राप्त होती रही और उन्होंने अतिरिक्त समय में छात्राओं का मार्गदर्शन किया। यह अद्वितीय प्रयास छात्राओं के आत्मविश्वास और प्रतिभा का वास्तविक प्रमाण है।

संगीत अध्यापक नरेंद्र सिंह ठाकुर की कर्तव्य निष्ठा और समर्पण सफलता का मूलभूत कारण

संगीत अध्यापक नरेंद्र सिंह ठाकुर, जो 2002 से इस विद्यालय में सेवा दे रहे हैं, अपनी कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के लिए विख्यात हैं। वह न केवल विद्यालय के नियमित समय में बल्कि अतिरिक्त समय में भी छात्राओं को प्रशिक्षित करते हैं। अवकाश के दिनों में भी वह समय निकालकर छात्राओं को मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। उनकी मेहनत का प्रमाण यह है कि वह प्रतिदिन सुबह 7:30 बजे से 9 बजे तक और शाम 3 बजे से 5 बजे तक छात्राओं को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी करवाते हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्या मंजू रानी, उप प्रधानाचार्य परमजीत सिंह सहित अन्य शिक्षकों ने भी छात्राओं की इस अभूतपूर्व सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए संगीत अध्यापक नरेन्द्र सिंह ठाकुर के योगदान की सराहना की। यह विद्यालय न केवल जिला स्तर पर बल्कि राज्य स्तर पर भी नादौन का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार है। विद्यालय की इस शानदार सफलता के लिए पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और यह भविष्य में अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *