कन्या विद्यालय नादौन में मनाया कम्युनिटी इनवॉल्वमेंट डे

Spread the love

 

विश्वेश्वर दत्त शर्मा ने कन्या विद्यालय नादौन के विकास कार्यों  के लिए दी ₹11000 की राशि

आवाज ए हिमाचल

बबलू गोस्वामी, नादौन। हिमाचल प्रदेश के प्रत्येक विद्यालय में शिक्षण सप्ताह मनाया जा रहा है, जिसमें विभिन्न शिक्षा और समाज से संबंधित विभिन्न गतिविधियों को किया जा रहा है। विगत दिवसों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल दिवस, एफएलएन आदि विभिन्न गतिविधियों का आयोजन राजकीय उत्कृष्ट कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन में आयोजित किया गया।

जानकारी देते हुए संस्कृत अध्यापक नरेश मलोटिया ने बताया कि शनिवार को विद्यालय में कम्युनिटी इनवॉल्वमेंट डे मनाया गया, जिसमें स्थानीय विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान व सदस्यों सहित विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी भाग ग्रहण किया। बता दें कि भारत सरकार द्वारा विद्यांजलि पोर्टल बनाया गया है, जिसके माध्यम से किसी भी सरकारी संस्था में सहयोग किया जा सकता है, ताकि उस संस्था का तीव्र गति से विकास और उत्थान हो सके।

कम्युनिटी इनवॉल्वमेंट डे के अवसर पर वेदधारा ग्लोबल स्कूल के एमडी विश्वेश्वर दत्त शर्मा ने विद्यालय की अध्यापिकाओं अनु वाला और रजनी वाला के माध्यम से ₹11000 की राशि कन्या विद्यालय नादौन के विकास कार्यों हेतु प्रदान की। इसके अतिरिक्त आईटी अध्यापिका सुषमा कुमारी के पिता पुरुषोत्तम सिंह (बटराण) ने छात्राओं को शीतल जल उपलब्ध करवाने हेतु कूलर भेंट किया। इसके अतिरिक्त अनमोल शर्मा भी हर वर्ष ₹10000 की छात्रवृत्ति छात्रों को भेंट करते हैं तथा ब्राह्मी देवी ₹900 प्रति छात्रा के हिसाब से चार छात्राओं को₹3600 की छात्रवृत्ति प्रदान करते हैं।

इसके साथ ही अनीता शर्मा भी समय-समय पर विविध छात्रवृतियां छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रदान करती हैं। इस वर्ष भी उन्होंने ₹5100 की छात्रवृत्ति छात्राओं को प्रदान की। विद्यालय के उप प्रधानाचार्य परमजीत सिंह ने विद्यालय के लिए योगदान देने वाले सभी सामाजिक कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रोत्साहन से छात्राओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने हेतु प्रेरणा जागृत होती है और विद्यालय उत्थान की ओर बढ़ते हैं। उन्होंने शिक्षण सप्ताह मनाने के लिए सरकार का भी धन्यवाद किया क्योंकि इस शिक्षण सप्ताह के माध्यम से विद्यालय में अनेक गतिविधियों को संपन्न करने का अवसर मिला।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *