ऑनलाइन गेम के टास्क का शक, गाजियाबाद में तीन नाबालिग बहनों की मौत से हड़कंप

04 फरवरी: गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां तीन नाबालिग बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक बच्चियों की पहचान निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12) के रूप में हुई है। घटना भारत सिटी सोसायटी की बताई जा रही है।

परिजनों के अनुसार, तीनों बहनें लंबे समय से ऑनलाइन गेमिंग की आदी थीं। पिता चेतन कुमार ने बताया कि कोरोना काल के दौरान मोबाइल गेम से शुरुआत हुई और धीरे-धीरे यह लत में बदल गई। माता-पिता द्वारा मोबाइल इस्तेमाल पर रोक लगाए जाने के बाद बच्चियां मानसिक तनाव में थीं।

पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बच्चियां किसी टास्क आधारित ऑनलाइन गेम या गतिविधि से जुड़ी हो सकती हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई ठोस निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पुलिस ने जांच के लिए तीनों के मोबाइल फोन, चैट, कॉल रिकॉर्ड और सोशल मीडिया अकाउंट जब्त कर लिए हैं।

सुसाइड नोट बरामद

मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें किसी व्यक्ति या प्लेटफॉर्म का नाम नहीं लिखा गया है, लेकिन कोरियन कल्चर का उल्लेख है। नोट के अंत में “I’m really sorry Papa” लिखा हुआ है। पुलिस नोट की प्रामाणिकता और बच्चियों की मानसिक स्थिति की गहराई से जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के पीछे ऑनलाइन गेम की भूमिका है या कोई अन्य कारण।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *