23 मार्च: हिमाचल प्रदेश में एलएसडी तस्करी प्रकरण में संलिप्त पाए जाने पर STF कुल्लू के चार पुलिस कर्मियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। बर्खास्त किए गए कर्मियों में कांस्टेबल नितेश, अशोक, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार और समीर कुमार शामिल हैं। यह कार्रवाई संविधान और हिमाचल प्रदेश पुलिस अधिनियम के तहत की गई है।
पुलिस विभाग के अनुसार, इससे पहले भी नशा संबंधित मामलों में 17 पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई हो चुकी है, जो अब बढ़कर 21 हो गई है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि ‘चिट्टा-मुक्त हिमाचल’ अभियान के तहत नशे और उससे जुड़े किसी भी नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, पुलिस कर्मियों की संलिप्तता पाए जाने पर भी किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत 112 या नजदीकी थाने में साझा करें, ताकि इस अभियान को और मजबूत बनाया जा सके।