14 फरवरी: हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के बेड़े में जल्द ही 297 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल होने जा रही हैं। निगम प्रबंधन ने बसों की खरीद के लिए आदेश जारी कर दिए हैं और अप्रैल 2026 तक इनकी आपूर्ति होने की संभावना है।
निगम के अनुसार प्रदेश के 36 अलग-अलग क्षेत्रों में इन बसों का ट्रायल किया जाएगा, ताकि भौगोलिक परिस्थितियों और मार्गों के अनुरूप तकनीकी सुधार सुनिश्चित किए जा सकें। ट्रायल के आधार पर कंपनी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, जिससे बसें हिमाचल की पहाड़ी परिस्थितियों के अनुसार पूरी तरह अनुकूल बनाई जा सकें। सोलन, शिमला और बिलासपुर में ट्रायल प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है, जबकि अन्य क्षेत्रों में परीक्षण जारी रहेगा।
प्रदेश उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी बस का निरीक्षण कर कंपनी को सुधार संबंधी निर्देश दिए हैं। एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक निपुण जिंदल ने बताया कि बसों की खरीद प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और निर्धारित समय सीमा के भीतर इन्हें बेड़े में शामिल किया जाएगा।
297 बसों की खरीद के लिए ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक लिमिटेड को लगभग 424 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया है। कंपनी 12 वर्षों तक बसों का मेंटेनेंस भी करेगी। इन बसों के सफल संचालन के लिए प्रदेश के 37 स्थानों पर ई-चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं।
नई 30-सीटर इलेक्ट्रिक बसें आधे घंटे में चार्ज हो सकेंगी और एक बार पूर्ण चार्ज होने पर लगभग 180 किलोमीटर तक चलेंगी। सरकार का उद्देश्य ग्रीन ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देना और यात्रियों को आधुनिक, आरामदायक तथा पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।