एक दिन का काम, तीन दिन का जाम! तक्साल गेट बंद करने पर रेलवे और प्रशासन कटघरे में

आवाज़ ए हिमाचल

15 मार्च 2026 /परवाणू/ टकसाल रेलवे लेवल क्रॉसिंग गेट नंबर 3A पर मात्र लगभग 33×15 फुट के छोटे से क्षेत्र में टाइल लगाने के कार्य के लिए तीन दिनों तक सड़क बंद करने के निर्णय को लेकर रेलवे विभाग और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उत्तरी रेलवे की ओर से जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार 14 मार्च से 16 मार्च 2026 तक इस मार्ग को पूरी तरह यातायात के लिए बंद रखा गया, जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर कार्य होना है वहां लगभग 1600 से 1700 टाइलें ही लगनी हैं और तकनीकी रूप से यह काम एक दिन में आसानी से पूरा किया जा सकता था। लोगों का आरोप है कि पहले पुरानी टाइलों को उखाड़ दिया गया और अब केवल डस्ट स्टोन के ऊपर टाइलें बिछाने की तैयारी की जा रही है, जिससे काम की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रेलवे और जिला प्रशासन ने बिना जनता की सुविधा और हालात का आकलन किए सड़क बंद करने की अनुमति दे दी, जबकि 16 मार्च को कई स्कूलों में बच्चों की परीक्षाएं भी निर्धारित हैं और इस सड़क के बंद होने से विद्यार्थियों, अभिभावकों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का यह भी कहना है कि यदि प्रशासन चाहता तो काम को चरणबद्ध तरीके से या सीमित समय में पूरा करवाया जा सकता था, लेकिन पूरे तीन दिन तक सड़क बंद कर देना कहीं न कहीं प्रशासनिक लापरवाही और जनहित की अनदेखी को दर्शाता है। अब स्थानीय लोगों में इस फैसले को लेकर नाराजगी है और उन्होंने सवाल उठाया है कि आखिर इतने छोटे काम के लिए तीन दिन तक आम जनता को परेशान करना कितना उचित है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *