30 मार्च: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंब उपमंडल के एक गांव में तीन साल की मासूम बच्ची के साथ गंभीर अपराध का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में चिंता और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 27 मार्च को एक प्रवासी परिवार की दो बच्चियों को पड़ोस में कन्या पूजन के लिए बुलाया गया था। कुछ समय बाद परिजनों को सूचना मिली कि बच्ची घायल हो गई है। परिवार तुरंत मौके पर पहुंचा और बच्ची को अस्पताल ले जाया गया।
चिकित्सकीय जांच के दौरान सामने आया कि बच्ची को गंभीर चोटें पहुंची हैं, जिसके बाद मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस को सूचना दी गई। बच्ची का इलाज क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में चल रहा है, जहां उसे निगरानी में रखा गया है।
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है तथा मामले की गहन जांच जारी है।