ऊना में बड़ी चोरी का खुलासा: 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, 35 लाख के गहने बरामद

1 अप्रैल: ऊना जिले में ज्वैलरी शॉप में हुई बड़ी चोरी की वारदात को पुलिस ने महज 12 घंटे में सुलझाकर अहम सफलता हासिल की है। हरोली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए होशियारपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 35 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, 30 मार्च को सलोह चौक के पास स्थित कौशल ज्वैलर में अज्ञात चोरों ने शटर तोड़कर सेफ में रखे करीब 100 ग्राम सोना और 8 किलो चांदी के गहने चोरी कर लिए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी का सुराग लगाया।

इसके बाद पुलिस ने पंजाब के होशियारपुर में दबिश देकर मुख्य आरोपी मान सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले इस इलाके में राजमिस्त्री का काम कर चुका था और उसे क्षेत्र की पूरी जानकारी थी, जिसका फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि इस मामले से अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *