6 अप्रैल: ऊना जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मैहतपुर पुलिस को अहम सफलता मिली है। रविवार रात जखेड़ा रोड पर वाटर सप्लाई स्कीम के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रोका, जिसमें सवार युवक पुलिस को देखकर घबरा गए।
संदेह के आधार पर जब वाहन की तलाशी ली गई, तो कार के अंदर से 6.30 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक (निवासी टक्का), राहुल और महेश (दोनों निवासी कोटलां खुर्द) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।