ऊना में दर्दनाक हादसा: गोबिंद सागर झील में डूबा पंजाब का युवक, दोस्तों के सामने हुआ हादसा

4 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। उपमंडल बंगाणा के तहत मंदली स्थित गोबिंद सागर झील के घाट पर शुक्रवार शाम एक 25 वर्षीय युवक झील में डूब गया। लापता युवक की पहचान आकाशदीप निवासी गांव कका गढ़ियाला, जिला तरनतारन (पंजाब) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बाबा बालक नाथ मंदिर (शाहतलाई) में दर्शनों के लिए जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, सफर के दौरान आकाशदीप अपने दोस्तों के साथ मंदली के पास झील किनारे रुका था। इसी दौरान जब वह झील के किनारे हाथ-पैर धो रहा था, तो अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में गिर गया।

घटना को देख मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह कुछ ही पलों में पानी में लापता हो गया। सूचना मिलते ही बंगाणा थाना प्रभारी रोहित चौधरी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। हालांकि अंधेरा होने के कारण युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया।

पुलिस के अनुसार, झील की गहराई को देखते हुए बीबीएमबी नंगल से गोताखोरों की टीम को बुलाया गया है। शनिवार सुबह से सघन तलाशी अभियान चलाया जाएगा। फिलहाल युवक की तलाश जारी है और पूरे मामले पर पुलिस नजर बनाए हुए है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *