ऊना में तेज रफ्तार का कहर: अनियंत्रित कार ने खड़ी गाड़ियों को मारी टक्कर, बड़ा हादसा टला

13 अप्रैल: ऊना जिले के गगरेट उपमंडल के अंतर्गत दियोली गांव में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। बीती देर रात एक अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन गाड़ियों को भारी क्षति पहुंची है। पुलिस ने मामले में संज्ञान लेते हुए केस दर्ज कर लिया है।

दियोली निवासी संतोष कुमार, जो पेशे से वेल्डर हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रोजाना की तरह अपनी गाड़ी (HP-72D-4671) को घर के बाहर खड़ा कर सो रहे थे। रात करीब 12:45 बजे एक तेज धमाके की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली।

बाहर आकर देखा तो एक सफेद कार (CH-01AF-9145) सड़क किनारे खड़े ट्रक (HP-72D-8135) से टकराई हुई थी। संतोष कुमार की गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था और टक्कर मारने वाली कार का बोनट उसमें फंसा हुआ था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते पहले संतोष की खड़ी गाड़ी को टक्कर मारी और उसके बाद ट्रक से जा भिड़ा।

हादसे के समय कार में दो युवक सवार थे, जिनकी पहचान पर्व पुत्र राजेश कुमार और अमन पुत्र वलवीर राय निवासी चलेट के रूप में हुई है।

मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही से वाहन चलाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *