7 मार्च: ऊना जिले के अम्ब अन्दौरा–दौलतपुर रेलवे ट्रैक पर शनिवार सुबह एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मुनीष जस्सल (34) निवासी वार्ड नंबर-4 कलरूही के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मुनीष शनिवार सुबह घर के पास रेलवे ट्रैक के किनारे सैर कर रहा था। इसी दौरान दौलतपुर चौक से अम्बाला की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन (डीएमयू) की चपेट में आ गया। हादसे के बाद लोको पायलट ने ट्रेन रोककर घायल युवक को अम्ब अन्दौरा स्टेशन तक पहुंचाया, जहां से उसे एम्बुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल अम्ब ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुनीष जस्सल शहरी विकास विभाग ऊना में स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक के पद पर कार्यरत था। उसकी दो वर्ष पहले ही शादी हुई थी। युवक की मौत से परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
रेलवे पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।