15 मार्च: जिला ऊना के उपमंडल अम्ब में वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में खैर की अवैध तस्करी का मामला सामने आया है। टीम ने करीब 3 लाख रुपये कीमत की खैर की लकड़ी और एक पिकअप ट्राला जब्त कर मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार वन परिक्षेत्र अम्ब की बीट ठठल में तैनात वन रक्षक पूनम ढिल्लों गश्त पर थीं। इसी दौरान लडोली क्षेत्र में एक संदिग्ध पिकअप ट्राला खैर की लकड़ी से भरा मिला। शक होने पर टीम ने आसपास तलाशी ली, जहां एक श्रमिक शैड से भी भारी मात्रा में खैर की अवैध लकड़ी बरामद हुई।
जांच में सामने आया कि जिस शैड में लकड़ी रखी गई थी वह पंजोआ निवासी एक महिला के नियंत्रण में है। वन विभाग के अनुसार इस क्षेत्र में खैर के पेड़ों की कटाई की कोई अनुमति नहीं दी गई थी, जिससे अवैध कटान की पुष्टि हुई है।
डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) और भारतीय वन अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लकड़ी और वाहन को कब्जे में ले लिया है। पुलिस और वन विभाग की टीम अब इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
अधिकारियों का कहना है कि अम्ब और भरवाईं क्षेत्र के जंगलों में खैर तस्करी के मामलों को देखते हुए गश्त बढ़ा दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।