25 मार्च : ऊना जिले के कुटलैहड़ क्षेत्र में अवैध खैर कटान मामले में वन विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए फॉरेस्ट गार्ड और ब्लॉक ऑफिसर (बीओ) को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। डीएफओ सुशील राणा के निर्देश पर दोनों के खिलाफ जांच भी शुरू कर दी गई है।
जांच के दौरान वन क्षेत्र में कुल 36 खैर के पेड़ कटे पाए गए, जिनमें से 27 पेड़ों की रिपोर्ट पहले दी गई थी, जबकि 9 पेड़ों के कटान को छुपाया गया था। मामला सामने आने के बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए पूरे क्षेत्र की दोबारा जांच और निशानदेही शुरू कर दी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कटान सरकारी भूमि पर हुआ या निजी पर।
इस बीच बहडाला क्षेत्र में भी वन विभाग की टीम ने छापेमारी कर खैर के पेड़ काटते हुए 3 लोगों को मौके पर पकड़ा है। सभी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कर एफआईआर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वन विभाग ने साफ किया है कि अवैध कटान के मामलों में लापरवाही या संलिप्तता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।