घायलों को 50 हजार की आर्थिक सहायता
आवाज़ ए हिमाचल
जम्मू। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू के नरवाल इलाके में हुए धमाकों के जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने विस्फोट और जांच के बारे में विस्तार से जानकारी ली। एलजी ने इन धमाकों के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया। शनिवार को नरवाल इलाके में लगातार दो विस्फोटों के बाद हड़कंप मच गया था। इन धमाकों में सात लोगों को गंभीर चोट आई है। इसके अलावा कुछ वाहनों पर भी नुकसान हुआ है। सभी घायलों को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज जम्मू में भर्ती कराया गया है।
एलजी ने कहा कि इस प्रकार के कृत्य साजिश में शामिल लोगों की हताशा और कायरता को उजागर करती है। उन्होंने सभी एजेंसियों ने इस मामले में तत्काल और कड़ी कार्रवाई करने को कहा। उपराज्यपाल ने घायलों के प्रति संवेदना जताते हुए उन्हें आर्थिक सहायता के तौर पर प्रत्येक घायल हो 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। उपराज्यपाल ने कहा कि प्रशासन घायलों को हरसंभव उपचार दिलाने और उनके परिवारों के साथ खड़ा है। जम्मू के डिप्टी मेयर ने कहा कि अधिकारियों ने उन्हें सात लोगों के घायल होने की जानकारी दी है। जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि घटना दुर्घटनावश हुई या इसके तार आतंकवाद से जुड़े हुए हैं। घायलों की स्थिति सामान्य है।