बीबीएन, 5 फरवरी | कविता एस. गौतम
भारत सरकार द्वारा हाल ही में प्रस्तुत किए गए केंद्रीय बजट में इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 की घोषणा से इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज (EMS) कंपनियों के लिए नए अवसर खुल गए हैं। इस पहल से देश का इलेक्ट्रॉनिक उद्योग नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
हिमाचल प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक उद्योग संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं सिरमा एसजीएस बद्दी के वरिष्ठ महाप्रबंधक जोगिंदर सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की यह योजना भारत में सेमीकंडक्टर निर्माण को बढ़ावा देने के साथ-साथ देश को वैश्विक सेमीकंडक्टर बाजार में एक मजबूत खिलाड़ी के रूप में स्थापित करेगी। उन्होंने बताया कि सेमीकंडक्टर की कमी के चलते बीते समय में कई उद्योगों का उत्पादन प्रभावित हुआ है, लेकिन इस मिशन के तहत देश में सेमीकंडक्टर यूनिट्स स्थापित होने से आपूर्ति श्रृंखला सुदृढ़ होगी और आयात पर निर्भरता घटेगी।
जोगिंदर सिंह ने कहा कि सेमीकंडक्टर निर्माण में आत्मनिर्भरता से तकनीकी विकास को गति मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 भारत को वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स हब बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।