11 मार्च: हिमाचल प्रदेश के चिकित्सा क्षेत्र में नई तकनीक की शुरुआत करते हुए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला में रोबोटिक सर्जरी सेवा शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अस्पताल पहुंचकर इस सुविधा का शुभारंभ किया और इसकी कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया।
सरकार ने इस सर्जरी के लिए शुल्क भी निर्धारित किया है। सामान्य श्रेणी के मरीजों को लगभग 30 हजार रुपये में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा मिलेगी, जबकि स्पेशल वार्ड में यह खर्च करीब 50 हजार रुपये होगा। हिमकेयर योजना में इसे शामिल करने पर अभी विचार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी इस तकनीक को शुरू करने की योजना है। नाहन और चंबा में जल्द रोबोटिक सर्जरी सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी, जबकि हमीरपुर के लिए मशीनरी की खरीद प्रक्रिया जारी है।
इस तकनीक से मरीजों को कई फायदे मिलेंगे, जैसे सर्जरी के दौरान छोटे चीरे, कम खून बहना और तेजी से रिकवरी। साथ ही जटिल ऑपरेशन में डॉक्टरों को अधिक सटीकता मिल सकेगी।