अनियंत्रित होकर खाई में गिरा ट्रैक्टर, एक मजदूर की मौत, दो गंभीर घायल

5 मार्च: हिमाचल प्रदेश के जसवां प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सरड बम्मी के पंगलु मार्ग पर एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार यह हादसा सोमवार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच हुआ। ट्रैक्टर में कुल पांच लोग सवार थे और वे पंगलु मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान चालक ट्रैक्टर पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे के दौरान ट्रैक्टर में सवार दो लोगों ने समय रहते छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। जबकि तीन लोग ट्रैक्टर के साथ ही खाई में गिर गए। इस दुर्घटना में प्रदीप कुमार नामक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि प्रदीप मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था और रोजगार की तलाश में कुछ दिन पहले ही यहां आया था।

घटना में घायल दो लोगों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। सभी लोग नेपाल मूल के प्रवासी मजदूर बताए जा रहे हैं, जो यहां एक स्थानीय ठेकेदार के पास दिहाड़ी पर काम करते थे।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *