अंतर-राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम में अक्षित शर्मा ने बढ़ाया हिमाचल का मान

25 फरवरी: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के सौजन्य से माय भारत केंद्र, जयपुर (राजस्थान) में आयोजित पाँच दिवसीय अंतर-राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला के राजनीतिक शास्त्र विभाग के तृतीय वर्ष के छात्र अक्षित शर्मा ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए जिला कांगड़ा एवं हिमाचल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति का प्रभावशाली प्रतिनिधित्व किया।

राष्ट्रीय स्तर के इस शिविर में हिमाचल प्रदेश से 40 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें से 7 प्रतिभागी जिला कांगड़ा से थे। अक्षित शर्मा ने अपने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से हिमाचल की लोक परंपराओं, वेशभूषा और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

अक्षित शर्मा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि शिविर के दौरान विभिन्न राज्यों से आए युवाओं के साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान का अवसर मिला। हिमाचल की परंपराओं को साझा करने के साथ-साथ राजस्थान की समृद्ध संस्कृति को निकट से समझने का अवसर भी प्राप्त हुआ, जो उनके लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी रहा।

राजनीतिक शास्त्र विभाग के सह-आचार्य प्रो. अश्वनी कुमार ने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और अक्षित शर्मा का प्रदर्शन विभाग के लिए गर्व का विषय है। सह-आचार्य प्रो. संजय कुमार ने कहा कि युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता और विविधता में एकता की भावना को सुदृढ़ करते हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने अक्षित शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि जब विद्यार्थी राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं, तो वह संस्थान और प्रदेश के लिए गौरव का क्षण होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *